Breaking News

अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़ लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, अग्निकांड पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता

Getting your Trinity Audio player ready...

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर राजधानी लखनऊ लौट आए और सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आग से क्षतिग्रस्त भवन का निरीक्षण किया तथा बगल की इमारत की छत पर पहुंचकर भी घटना की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी प्राप्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

घटनास्थल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सीधे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायल बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा उन्हें हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने केजीएमयू प्रशासन को घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना के जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, विधायक नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा) अमित कुमार घोष, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत एवं जिलाधिकारी विशाख जी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

NEET री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM विशाख जी और JCP बबलू कुमार ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

लखनऊ। NEET री-एग्जाम को सकुशल एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन …