Breaking News

लखनऊ: MSME और युवाओं के बीच दूरी घटाने की पहल, कौशल विकास को मिलेगा तकनीकी बल

Getting your Trinity Audio player ready...

लखनऊ, 24 मार्च 2026: उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के बीच गोमती नगर स्थित आईआईए भवन में अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता मिशन निदेशक पुलकित खरे ने की। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक संगठनों को प्रशिक्षण भागीदार के रूप में शामिल करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उनका कहना था कि इससे उद्योगों की सीधी भागीदारी बढ़ेगी और युवाओं को बाजार की मांग के अनुसार प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित होंगे।

बैठक में यह सहमति बनी कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक और प्रभावी बनाया जाएगा। युवाओं को इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स देने, प्रशिक्षण के बाद रोजगार सुनिश्चित करने और उद्योगों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए भी कई अहम फैसले लिए गए। एपीआई आधारित डेटा इंटीग्रेशन के जरिए यूपीएसडीएम और आईआईए के आंकड़ों को एक सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर जोड़ने पर सहमति बनी, जिससे सूचनाओं का आदान-प्रदान आसान होगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी। साथ ही क्यूआर कोड आधारित सिस्टम के जरिए एमएसएमई, नियोक्ताओं और नौकरी चाहने वालों की जानकारी यूपीएसडीएम पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से नियमित रूप से जानकारी साझा करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे उद्योगों और युवाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।

यह पहल प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर और युवाओं के बीच मौजूद स्किल गैप को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। उद्योगों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार होने से युवाओं को प्रशिक्षण के बाद आसानी से रोजगार मिलने की उम्मीद है और प्रदेश में रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।

बैठक में यूपीएसडीएम के वरिष्ठ अधिकारी और आईआईए के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Check Also

लखनऊ: विकास नगर पुलिस को बड़ी सफलता, 23 मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए

लखनऊ: विकास नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने …