| Getting your Trinity Audio player ready... |
78 वर्ष पूरे होने पर PAC के शौर्य, आधुनिककरण और ऐतिहासिक योगदान को किया नमन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएसी बल के 78 गौरवशाली वर्षों पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पीएसी बल प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, पर्व-त्योहारों, वीवीआईपी सुरक्षा और लोकतंत्र के महापर्व चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

संसद हमले में PAC के शौर्य को किया स्मरण
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2001 में संसद पर हुए कायराना आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सुरक्षा में तैनात 30वीं वाहिनी पीएसी के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया था। यह घटना पीएसी के शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
PAC का पुनर्जीवन और आधुनिकीकरण
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि उनकी सरकार ने पीएसी की 46 कंपनियों को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है। साथ ही पीएसी बल को अत्याधुनिक हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, जिससे बल की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता बढ़ी है।

बड़े पैमाने पर भर्ती, महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा पीएसी बल में 41,893 आरक्षियों और प्लाटून कमांडरों की भर्ती की गई है। इसके अलावा सीधी भर्ती के अंतर्गत 15 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रचलित है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि तीन महिला बटालियनों की स्थापना भी की गई है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।

SDRF, खेल और आधुनिक पुलिसिंग पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है। पहली बार 480 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती की गई है, जबकि 768 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2024 में पुलिस स्मृति दिवस पर खेल बजट को 70 लाख से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया।
8 वर्षों में रिकॉर्ड पुलिस भर्ती, बदला सुरक्षा परिदृश्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते 8 वर्षों में प्रदेश में 2.19 लाख पुलिस कार्मिकों की भर्ती की गई है। आज पुलिस बल में 44 हजार से अधिक महिला कार्मिक सेवाएं दे रही हैं। जर्जर भवनों की जगह अब हाईराइज पुलिस भवन बन रहे हैं। मॉडर्न पुलिसिंग, साइबर थाने और साइबर सेल यूपी पुलिस की पहचान बन चुके हैं।
कानून का राज बना प्रदेश की ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो आत्मविश्वास आज दिखाई दे रहा है, उसके पीछे कानून का राज और मजबूत पुलिस व्यवस्था है। कार्यक्रम के दौरान पीएसी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और वंदे मातरम् का गायन किया गया। मुख्यमंत्री ने बैंड टीम की सराहना करते हुए कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान युवाओं में जोश और प्रेरणा भरी थी।
जवानों को आश्वासन
अंत में मुख्यमंत्री ने पीएसी जवानों से कहा कि उनका साहस, अनुशासन और कठोर प्रशिक्षण ही उनकी पहचान है। सरकार उनके सम्मान, संसाधनों और सुविधाओं के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
Perfect Media News Agency
