| Getting your Trinity Audio player ready... |
लखनऊ। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 ने आज रविवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत लखनऊ पूर्व के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर हो रहे गणना प्रपत्रों के कलेक्शन एवं फीडिंग कार्य की प्रगति का स्थलीय जायज़ा लिया।
जनपद के सभी बूथों पर आज विशेष शिविरों का आयोजन किया गया था, जिसमें बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहकर मतदाताओं से गणना प्रपत्रों का संग्रहण और ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने विशेष शिविरों के संचालन की वास्तविक स्थिति को परखने के उद्देश्य से विधानसभा–173 लखनऊ पूर्व के कई प्रमुख बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के बूथ संख्या 366, 367, 368, 369, 370, 371, 372 एवं 373 तथा गोमती नगर स्थित मॉडर्न एकेडमी स्कूल के बूथ संख्या 380, 381, 382, 383 एवं 384 का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने रिवर साइड एकेडमी, गोमती नगर के बूथ संख्या 385 से 395 तक तथा विकास भवन स्थित वीआरसी में बनाए गए फीडिंग सेंटर का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाताओं को फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की शंका या समस्या होने पर तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ईआरओ को निर्देशित किया गया कि सप्लाई इंस्पेक्टर, एडीओ पंचायत एवं कोटेदारों को बीएलओ के साथ फील्ड में लगाकर गणना प्रपत्रों का त्वरित कलेक्शन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो सके।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र शीघ्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि निर्वाचक नामावलियों का अद्यतन कार्य पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
Perfect Media News Agency
