| Getting your Trinity Audio player ready... |
लखनऊ: प्रदेश मुख्यालय स्थित लोकभवन मुख्यमंत्री कार्यालय के मीडिया सेंटर में राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नई कार्यकारिणी की बैठक थी, जिसमें सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा के साथ पत्रकारों के हित में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कमेटी के अध्यक्ष शशिनाथ दुबे ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के सभी पत्रकार—चाहे उनकी मान्यता राज्य मुख्यालय से हो, जिला स्तर से हो या वे गैर-मान्यता प्राप्त हों—यदि वे प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े हैं, तो उनकी आवाज को मुख्यालय स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में पत्रकारों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अध्यक्ष द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव को कमेटी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बैठक के दौरान सचिव शेखर श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष हरजीत सिंह, संजय श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव अमिता मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार उपाध्याय तथा कार्यकारी सदस्य सुभाष पांडेय, अनिल कुमार सिंह और आर.बी. सिंह ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में सचिव शेखर श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। नई कार्यकारिणी की यह पहली बैठक उत्साह और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
Perfect Media News Agency
