| Getting your Trinity Audio player ready... |
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को दिए सख्त निर्देश, बोले– हर जिले में रोज सुनी जाए जनता की शिकायत
लखनऊ, 22 दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज के जिलों से आते हैं और कई बार एक दिन पहले ही राजधानी पहुंच जाते हैं। ऐसे में ठंड के मौसम को देखते हुए सरकार द्वारा रैन बसेरों में ठहरने की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने लखनऊ प्रशासन को निर्देश दिया कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां रुकने वाले फरियादियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान रोज सुनें जनता की समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, ऐसे में आमजन को लखनऊ आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए सभी जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान प्रतिदिन अपने-अपने जनपदों में जनता की शिकायतें सुनें और उनका समयबद्ध समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक स्तर पर हर समस्या का निस्तारण संभव है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इलाज के लिए सरकार करेगी आर्थिक मदद
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे फरियादियों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर उपलब्ध कराएं। सरकार पहले दिन से ही जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि इलाज के अभाव में किसी भी व्यक्ति को परेशानी न उठानी पड़े।
जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त रुख
जनता दर्शन के दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान खरीद से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे किसानों की समस्याओं पर भी मुख्यमंत्री ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए और कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बच्चों को चॉकलेट देकर दिया स्नेह का संदेश
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया, उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट देकर स्नेह जताया। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री का यह मानवीय रूप देखकर अभिभावक भावुक नजर आए।
Perfect Media News Agency
