Breaking News

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की राज्य स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

Getting your Trinity Audio player ready...

अवैध मादक पदार्थों के सेवन व तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री पर सतत निगरानी के आदेश

लखनऊ, 23 दिसंबर 2025।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की राज्य स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन एवं क्रय-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रत्येक जनपद में मासिक बैठक अनिवार्य

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक माह कम से कम एक एनकॉर्ड बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। जिन जनपदों में बैठकें नियमित रूप से नहीं हो रही हैं, उनके विरुद्ध कड़े निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध मादक पदार्थों का सेवन एवं कारोबार करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता

मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जहां भविष्य में हॉटस्पॉट बनने की आशंका हो, वहां विशेष निगरानी रखते हुए नियमित रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाए जाएं।

कोडीन युक्त कफ सिरप पर कड़ी नजर

बैठक में कोडीन युक्त कफ सिरप की सप्लाई और बिक्री पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। फर्जी फर्मों, अवैध भंडारण या अनधिकृत बिक्री के मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। इस उद्देश्य से 02 सहायक आयुक्त (औषधि) एवं 02 औषधि निरीक्षकों की समिति गठित की गई है।

एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की बरामदगी

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ अब्दुल हमीद ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक एनकॉर्ड के अंतर्गत 774 जिला स्तरीय गोष्ठियों का आयोजन किया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश में अब तक 47,253.19 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं, जबकि एएनटीएफ द्वारा 12,722.92 किलोग्राम मादक पदार्थ की बरामदगी की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹143.91 करोड़ है।

नशा मुक्ति के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान

नशे के विरुद्ध साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक, योग कार्यक्रम, स्कूली बच्चों के साथ पैदल मार्च, पैम्फलेट वितरण, ई-शपथ, लघु फिल्मों का प्रदर्शन और धर्माचार्यों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाए गए। इसके साथ ही सिनेमाघरों, ट्रैफिक कंट्रोल रूम और रेडियो चैनलों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया गया।

875 करोड़ की अवैध मादक संपत्ति का निस्तारण

एएनटीएफ के गठन के बाद वर्ष 2022 से नवंबर 2025 तक कुल 2,67,234 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹875 करोड़ है।
वर्ष 2025 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अवैध संपत्ति की जब्ती का अनुमानित मूल्य ₹9.17 करोड़ रहा। इस दौरान 02 गैंग पंजीकृत किए गए और 61 हिस्ट्रीशीट खोली गईं।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Check Also

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर डीएम का औचक निरीक्षण

लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्वे की प्रगति परखी, बीएलओ को दिए निर्देश लखनऊ। …