Tuesday , November 4 2025
Breaking News

नवरात्रि के समापन पर देवी मंदिरों में गूंजे जयकारे, 2 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

योगी सरकार में नवरात्रि का पर्व बना आस्था और विकास की अद्भुत मिसाल

1 october 2025
उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर शारदीय नवरात्रि केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं रही, बल्कि यह आस्था, परंपरा और नारी शक्ति का विराट प्रतीक बनकर उभरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर के प्रमुख शक्तिपीठों और देवी मंदिरों को नया स्वरूप मिला है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन मंदिरों में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ रिकॉर्ड स्तर पर रही — नौ दिनों में लगभग 2 करोड़ भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में नमन किया।

विंध्यवासिनी धाम : 50 लाख श्रद्धालुओं ने लिया मां का आशीर्वाद

मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन 4 से 5 लाख भक्त पहुंचे, जबकि सप्तमी, अष्टमी और नवमी को यह संख्या 6 से 7 लाख तक पहुंच गई। सरकार द्वारा विकसित विंध्याचल कॉरिडोर परियोजना ने भीड़ प्रबंधन और भक्तों की सुविधा को सहज बना दिया।

बॉक्स 1 — विंध्यवासिनी धाम : उत्तर भारत का सबसे बड़ा शक्ति उपासना केंद्र
विंध्याचल धाम में भक्तों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना बढ़ी। चौड़े परिक्रमा पथ, यात्री शेड और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था ने यहां दर्शन को सुगम बनाया है। यह परिवर्तन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि उत्तर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर रहा है।

वाराणसी : विशालाक्षी और दुर्गाकुंड मंदिरों में उमड़ी दक्षिण भारत से भीड़

51 शक्तिपीठों में गिने जाने वाले मां विशालाक्षी मंदिर में नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु पहुंचे। दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा मंदिर में नौ दिनों में लगभग 12 लाख भक्तों ने पूजा-अर्चना की।

गोरखपुर : तरकुलहा और बुढ़िया माई मंदिरों का कायाकल्प

गोरखपुर का तरकुलहा देवी मंदिर इस बार नवरात्रि का प्रमुख आकर्षण रहा। यहाँ लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। वहीं, कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माई मंदिर में भी 3 लाख से अधिक भक्त पहुंचे। इन दोनों मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर सरकार ने 2.13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व्यय की।

प्रयागराज : गंगा तट पर गूंजे मां अलोप शंकरी के जयकारे

मां अलोप शंकरी धाम में लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। वहीं मां कल्याणी देवी और ललिता देवी मंदिरों में प्रतिदिन हजारों भक्त पहुंचे। सरकार ने इन मंदिरों के आसपास 6 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित कीं, जिनमें प्रकाश व्यवस्था और यात्री शेड प्रमुख हैं।

सहारनपुर : शाकम्भरी व त्रिपुर बाला सुंदरी धाम में श्रद्धा का अद्भुत प्रवाह

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला नवरात्रि में भक्ति का प्रमुख केंद्र बना। शाकम्भरी देवी मंदिर में लगभग 7 लाख और त्रिपुर बाला सुंदरी मंदिर में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।

बॉक्स 2 — महिला सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
सहारनपुर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत महिला पुलिस तैनात की गई। स्वच्छ पेयजल, भव्य प्रवेश द्वार और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था ने श्रद्धालुओं के अनुभव को सुखद बनाया।

देवीपाटन : आस्था और महिला सशक्तिकरण का संगम

बलरामपुर के मां पाटेश्वरी मंदिर में इस बार लगभग 6.5 लाख श्रद्धालु पहुंचे। नवरात्रि के अवसर पर 15 दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें परंपरा और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

बॉक्स 3 — देवीपाटन धाम : नारी शक्ति का प्रतीक
योगी सरकार द्वारा देवीपाटन धाम में मार्ग चौड़ीकरण, लेजर शो, फसाड लाइटिंग और विश्राम स्थलों का निर्माण कराया गया। इसने मंदिर को सांस्कृतिक पुनर्जागरण और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना दिया है।

जौनपुर, भदोही और अन्य जिलों में भी उमड़ा भक्तिभाव

जौनपुर के शीतला चौकिया धाम में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। भदोही के सीता समाहित स्थल, महाराजगंज के लेहड़ा देवी मंदिर और औरैया के देवी मंदिरों में भी लगभग 9 लाख भक्तों ने मां के चरणों में नमन किया।

मिशन शक्ति 5.0 : भक्ति के साथ नारी सम्मान की झलक

बॉक्स 4 — भक्ति और शक्ति का संगम
योगी सरकार ने इस नवरात्रि को नारी सशक्तिकरण का उत्सव बना दिया। पूरे प्रदेश में महिला पुलिस कर्मियों की स्कूटी रैली से “मिशन शक्ति 5.0” की शुरुआत हुई। स्कूली कन्याओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपकर सम्मानित किया गया। मंदिर परिसरों में महिला हेल्पलाइन 1090 सक्रिय रही और हर जिले में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी प्रदर्शनी आयोजित हुई।


आस्था और विकास का संगम

यह स्पष्ट है कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने नवरात्रि को केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, विकास और महिला सशक्तिकरण के समन्वय का अद्भुत उदाहरण बना दिया है। देवी मंदिरों का कायाकल्प, भक्तों के लिए आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था — इन सबने मिलकर उत्तर प्रदेश को भक्ति और विकास का केंद्र बना दिया है।

Check Also

दीपोत्सव-19 अक्टूबर 2025 : राम की नगरी अयोध्या में ‘आध्यात्मिक वर्षा’ से सराबोर हुआ दीपोत्सव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया शुभारंभ, लेजर शो …

Leave a Reply

Your email address will not be published.